चंदौली में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, समाज में समानता का दिया संदेश
चंदौली : जनपद के अभिषेक नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में मंगलवार को अम्बेडकर जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। संस्थान के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार ने बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर भारतीय इतिहास के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने न केवल शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि भारतीय राजनीति को भी नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को भारतीय संविधान का मुख्य शिल्पकार माना जाता है, जिन्होंने देश को एक मजबूत और समावेशी लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अम्बेडकर ने समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित संविधान का निर्माण किया, जो आज भी देश की एकता और अखंडता का आधार है। डॉ. अम्बेडकर ने अपने पूरे जीवन में जातिवाद, छुआछूत, भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष किया और समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में बाबा साहब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में वास्तविक समानता और न्याय की स्थापना संभव है। साथ ही इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और समाज में समरसता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिवजनम यादव, अमित पचौरी, रामअशीष, जमुना, सूरज, नेहा, मोनम सहित संस्थान के छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















