पुलिया निर्माण कार्य में देरी पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में काम पूरा करने का निर्देश
चंदौली : जनपद में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को मुगलसराय क्षेत्र के गोधन-नई बस्ती के पास नहर पर बाईपास रोड में निर्माणाधीन पुलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की गहन समीक्षा की और कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कर आम जनता के लिए रास्ता सुचारु रूप से खोलने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि पुलिया निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्रीय लोगों, किसानों एवं राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नहर में समय से पानी छोड़ा जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता को परखा और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी गंभीर दिखे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा संकेत लगाए जाएं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
डीएम के सख्त निर्देशों के बाद संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन का कहना है कि कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।


















