बढ़ती गर्मी पर प्रशासन अलर्ट, डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने बिजली कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
चंदौली : जनपद में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही विद्युत समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को गोधना मोड़ स्थित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर, लो-वोल्टेज और अनावश्यक बिजली कटौती जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। इसके लिए कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निस्तारण हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया और कुछ उपभोक्ताओं को स्वयं फोन कर बिजली आपूर्ति, फॉल्ट और शिकायत समाधान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता की कॉल समय पर न उठाने या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आम जनता को सुचारु और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली और उपभोक्ता सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह समेत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बिजली शिकायत के लिए संपर्क नंबर
📞 कंट्रोल रूम : 9415696764
📞 टोल फ्री नंबर : 1912
उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली उपकेंद्र पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


















