चकिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, आइसक्रीम और आइस कैंडी निर्माण स्थलों पर छापा, नमूने जांच के लिए भेजे गए प्रयोगशाला, रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
चंदौली : गर्मी के मौसम में आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी चंदौली के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चकिया कस्बे में संचालित आइस कैंडी और आइसक्रीम निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के निर्देशन एवं नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने दो निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं विनियम 2011 के तहत निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर निर्माण प्रक्रिया, साफ-सफाई, उपयोग किए जा रहे कच्चे माल एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही दोनों इकाइयों से नियमानुसार आइस कैंडी और आइसक्रीम के नमूने भी संग्रहित किए गए। संकलित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणवीर सिंह यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


















