हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी परीक्षा, विघ्न डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

133

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी परीक्षा, विघ्न डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

चंदौली : (UP Board Exam 2025) यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे शिक्षा विभाग और अन्य अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में एक आवश्यक बैठक की. बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन के मंशानुसार बोर्ड परीक्षा पूरी तरह से नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी. बोर्ड परीक्षा में विघ्न डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई की जाएगी. डीएम ने सभी परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों से अपील की है की परीक्षा में स्मार्ट वॉच या इस तरह का कोई उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र पर ना आए.

डीएम निखिल टी. फुंडे ने बताया कि आगामी यूपी बोर्ड की परीक्षा 2025 के लिए जनपद में 82 परीक्षा केंद्र ऑनलाइन प्रक्रिया से बनाए गए है. परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 82 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है. इसके अलावा शासनादेश के क्रम में प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर रखे गए स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों की 24 घंटे सुरक्षा हेतु पुलिस बल की व्यवस्था की गई है. साथ ही जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों के प्रश्न पत्रों की रात्रि निगरानी हेतु अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. साथ ही विभाग की ओर से भी रात्रि भ्रमण हेतु टीम गठित की गई है. संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक व केंद्र व्यवस्थापक राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से नियुक्त किए गए हैं.

सभी परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे रहेंगे संचालित

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे संचालित रहे. बताया कि परीक्षा केंद्रों की निगरानी हेतु प्रदेश स्तर, मंडल स्तर व जनपद स्तर पर महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. कंट्रोल रूम के निगरानी हेतु जिला प्रशासन की ओर से अधिकारी नियुक्त है. सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन द्वारा पुलिस बल तैनात किए जाने का आदेश निर्गत किया जा चुका है. इसके साथ ही जनपद स्तर पर शिक्षा विभाग की ओर से सचल दल का गठन किया गया है. जिसमें पुलिस बल भी नियुक्त किए गए हैं.

डीएम ने बताया कि सभी केंद्रों पर शुद्ध पीने का पानी, स्वच्छ बालक-बालिका शौचालय तथा बिजली व पंखे एवं परीक्षार्थियों के बैठने हेतु डेस्क ब्रेंच की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए. जहां इस तरह की व्यवस्था अभी तक नहीं हो पाई है तो केंद्र व्यवस्थापक तत्काल इसे पूर्ण कर लें ताकि बच्चों को किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े.

उन्होंने बताया कि परीक्षा के प्रारंभ से समाप्ति तक प्रश्न पत्र किसी भी दशा में बाहर नहीं जाने पाए. कोई अनजान व्यक्ति फोन कर खुद को अधिकारी बताते हुए स्ट्रांग रूम से प्रश्न पत्र खोलने के लिए बोल सकता है. तो ऐसी स्थिति में कोई भी केंद्र व्यवस्थापक स्ट्रांग रूम से प्रश्न पत्र नहीं निकाले.

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु अच्छी पुलिस बल की व्यवस्था की गई है. सभी केंद्र व्यवस्थापक बालिकाओं की चेकिंग खुले में ना करते हुए एक एकांत और परदे के पीछे महिला कर्मचारी से करना सुनिश्चित करें.