फिर बढ़ने लगी गर्मी, प्रयागराज में 32℃ पहुंचा अधिकतम तापमान, जानें वेदर अपडेट्स

50

फिर बढ़ने लगी गर्मी, प्रयागराज में 32℃ पहुंचा अधिकतम तापमान, जानें वेदर अपडेट्स

◆ लखनऊ में तापमान 29.5℃ तक पहुंचा, बढ़ने लगी है गर्मी

◆ 20 फरवरी को प्रदेश में बारिश की जताई गई है संभावना

◆ 18 और 19 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद

◆ कोहरा छाने के आसार, खासकर सुबह और रात के समय

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में दिन के समय तेज धूप निकलने से धीरे-धीरे ठंड के ग्राफ में कमी आती जा रही है. इस समय राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में गर्मी होने लगी है. यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है, क्योंकि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि 20 फरवरी को बारिश होने के आसार जताए गए हैं.

प्रदेश में अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है. न्यूनतम तापमान अधिकतर जिलों में 10℃ के पार पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 25℃ से 30℃ के आसपास दर्ज किया जा रहा है. कई जिलों में 30℃ के पार भी पहुंच गया है.

18 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है. साथ ही 19 फरवरी को भी मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई गई है. इस दौरान दोनों ही हिस्सों में देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं पर छिछला कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं. इसके साथ ही 20 फरवरी को प्रदेश में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है. 21, 22 और 23 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही दोनों हिस्सों में कोहरा छा सकता है.

वहीं प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है. कुछ जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ से ऊपर पहुंच गया है. मेरठ में सबसे कम 9.6℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है, जबकि मुजफ्फरनगर में 9.9℃, नजीबाबाद में 10℃, बस्ती में 11℃, अयोध्या में 11℃, शाहजहांपुर में 11.3℃, बरेली में 11.6℃, कानपुर शहर में 11.4℃, बुलंदशहर में 12.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.

लखनऊ में 14℃ न्यूनतम और 29.5℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है. मुरादाबाद में 24.8℃, फतेहपुर में 25.2℃, हमीरपुर में 31.2℃, प्रयागराज में 32℃ और वाराणसी बीएचयू में 30.5℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.