डीएम ने उर्वरक बिक्री केंद्र पर की बड़ी कार्रवाई, अनियमितता पाए जाने पर सचिव को तत्काल हटाया

98

डीएम ने उर्वरक बिक्री केंद्र पर की बड़ी कार्रवाई, अनियमितता पाए जाने पर सचिव को तत्काल हटाया

चंदौली : जिले में किसानों के हक और हितों को सर्वोपरि मानते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बी-पैक्स उर्वरक बिक्री केंद्र, जगदीशसराय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे दूरभाष पर संवाद कर उर्वरक वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। इस क्रॉस वेरिफिकेशन में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सचिव सुनील तिवारी को तत्काल पद से हटाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मौके पर ही कड़ा रुख अपनाते हुए सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता विभाग को तत्काल बुलाया और केंद्र पर लंबे समय से तैनात सचिव सुनील तिवारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

डीएम ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि”यदि आगे किसी केंद्र पर अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है और जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी भी दंड के भागीदार होंगे। उन्होंने कहा कि सभी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता के साथ उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को कोई असुविधा न हो।

उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी का यह कड़ा और सराहनीय कदम किसानों के अधिकारों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने साफ किया कि जनपद में उर्वरक वितरण में कोई भी गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे प्रकरण से यह संदेश गया है कि अब चंदौली में किसानों के अधिकारों के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकेगा और प्रशासन पूरी तरह सजग है।