सीआरपीएफ समूह केंद्र चंदौली में गूंजी देशभक्ति की हुंकार, पासिंग आउट परेड में नवआरक्षियों ने ली राष्ट्र सेवा की शपथ
चंदौली : सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (Central Reserve Police Force) (सीआरपीएफ) समूह केंद्र में सोमवार को बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस के नवआरक्षियों का दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके नवआरक्षियों ने देश सेवा और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ शपथ ली।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय सेक्टर, सीआरपीएफ के महानिरीक्षक अनिल कुमार रहे। उनके आगमन पर जवानों ने शानदार मार्च पास्ट और परेड के माध्यम से सलामी दी। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी, शपथ ग्रहण, मार्च पास्ट तथा पुरस्कार वितरण जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। पूरे परेड मैदान में देशभक्ति, गर्व और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी ने स्वागत भाषण में कहा कि कठोर प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने जिस समर्पण, धैर्य और लगन का परिचय दिया है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा। वहीं मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवआरक्षियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, जवानों के परिजन, आमंत्रित अतिथि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप कमांडेंट (प्रशिक्षण) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच परेड का समापन हुआ।


















