कांग्रेसजन ने मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, विचारों व योगदान को किया याद
चंदौली : भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के कार्यालय चंद्र त्रिपाठी भवन में कांग्रेसजनों ने नेहरू जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मां मनसा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बरहनी चंदौली के प्रांगण में जयंती समारोह बड़े उत्साह, धूमधाम और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, पंडित नेहरू एवं कॉलेज के संस्थापक बाबू हरिद्वार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
नेहरू भारतीय लोकतंत्र के मजबूत आधार – अरुण द्विवेदी
मुख्य अतिथि अरुण द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित नेहरू लोकतांत्रिक मूल्यों के सच्चे संरक्षक थे। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व से भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी और देश को आधुनिक विकास की दिशा में अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी की दूरदृष्टि ने भारत को शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में नई पहचान दिलाई।
नेहरू समावेशी राजनीति के प्रतीक – प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू भारतीय राजनीति के प्रतिमान पुरुष थे। वे समावेशी राजनीति के प्रबल समर्थक थे और मजबूत, आधुनिक एवं प्रगतिशील भारत की आधारशिला रखने वाले नेताओं में अग्रणी थे। उन्होंने उन्हें गांधी जी का वास्तविक उत्तराधिकारी बताते हुए कहा कि नेहरू जी के विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कई गणमान्य व स्थानीय नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, परमहंस सिंह राजपूत, दिनेश चंद्रा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, असगर अली, दिलीप यादव, अरविंद तिवारी, पंकज यादव, राजू श्रीवास्तव, श्वेता मिश्रा, अशोक कुमार वर्मा, अरुण कुमार, योगेश कुमार, अभय, अंकित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
पूजा सिंह व अंजलि ने किया संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन पूजा सिंह एवं अंजलि द्वारा किया गया। समारोह के अंत में सभी ने पंडित नेहरू के देशनिर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


















