अम्बेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर कांग्रेस का हुंकार, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

29

अम्बेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर कांग्रेस का हुंकार, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

चंदौली : ज़िला कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार को ब्लॉक नियमताबाद के हिन्दवारी गांव में भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संविधान की मूल भावना पर संकट : देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना

मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भारतीय संविधान के शिल्पी थे। उन्होंने देशवासियों को समानता, न्याय एवं मानवीय गरिमा की गारंटी दी। आज उन्हीं के बनाए संविधान की आत्मा पर हमला हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान की बुनियाद को कमजोर कर कुछ चुनिंदा पूँजीपतियों के हितों के अनुरूप देश का ढांचा बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्षरत हैं।

देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने देश के संसाधनों के निजीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश की हवाई सेवाओं में जो संकट दिख रहा है, विशेषकर इंडिगो की स्थिति, वह इस बात का ताज़ा उदाहरण है कि सरकार किस तरह राष्ट्रीय संसाधनों पर पूँजीपतियों का कब्जा करा रही है। यह देश के भविष्य के लिए चिंताजनक है।

कमजोरों की आवाज़ हैं बाबा साहब, संविधान और कांग्रेस : अरुण द्विवेदी

ज़िला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि बाबा साहब ने हमेशा देश के कमजोर, गरीब, मजदूर, किसान, महिलाओं, दलितों, वंचितों एवं युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनकी सोच और संविधान ने हर वर्ग के व्यक्ति को समानता व स्वतंत्रता का अधिकार दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के सपनों को चकनाचूर करने में लगी है। लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर की जा रही हैं और सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार धनबल और तंत्र के सहारे लोकतंत्र को खोखला कर रही है। द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान के संरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम संयोजक राकेश पाठक ने जताया आभार

नियमताबाद ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राकेश पाठक ने ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार और संघर्ष को जन-जन तक पहुँचाना ही कांग्रेस का उद्देश्य है।

सैकड़ों कांग्रेसजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से मधु राय, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, जी.के. पांडेय, दिनेश चंद्रा, नवीन पांडेय, शाहिद, तौसीफ, दयाराम पटेल, परमहंस सिंह राजपूत, राधेश्याम यदुवंशी, संतोष तिवारी, दिलीप यादव, श्रीकांत पाठक, असगर अली, अनवर सादात, किरण श्रीवास्तव, कन्हैया केसरी, शाहरून खान, जनता सिंह चौहान, शालीराम अकेला, सियाराम पटेल, बबलू पटेल, घासीराम, पारसनाथ, प्रेमचंद, रामसंकटा, रामबेचन राम, राजेश यादव, कंचन प्रजापति, राजकुमार राम, रामसकल चौहान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन शिवेंद्र मिश्र ने किया।