तहसील पीडीडीयू नगर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 88 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण

28

तहसील पीडीडीयू नगर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 88 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण

चंदौली : शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में तहसील पीडीडीयू नगर सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण के निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी शिकायतों का निवारण समयबद्ध तरीके से हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन जैसी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। इसके साथ ही निर्विवाद वरासत, भूमि विवाद और अन्य राजस्व संबंधी मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस में कुल 88 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस विभाग से संबंधित रहीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनें और संवेदनशीलता के साथ उसका समाधान करें।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनता का विश्वास प्रशासन पर बना रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, उप जिलाधिकारी राजीव मोहन, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।