अलीनगर में बन रहे जनपदीय साइबर थाना भवन का सीडीओ व एएसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
चंदौली : जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बनाए जा रहे जनपदीय साइबर थाना के प्रशासनिक भवन निर्माण कार्य का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अलीनगर थाना परिसर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की गुणवत्ता तथा समयसीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर ही दूर की गईं निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान निर्माण कार्य में आ रही कुछ तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं को तत्काल मौके पर ही निस्तारित किया गया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
कार्यदायी संस्था को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर भवन का निर्माण हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
जनपद में साइबर अपराध नियंत्रण को मिलेगा नया आधार
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि जनपदीय साइबर थाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि बढ़ते साइबर अपराधों के मामलों के निस्तारण के लिए आधुनिक संसाधनों से युक्त भवन और बेहतर सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से साइबर अपराधों की जांच और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।
अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि निर्माण सामग्री या कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान अधिशासी अभियंता राम प्रताप, सहायक अभियंता अनुज मौर्य, संबंधित ठेकेदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















