सीएम योगी का राज्य कर्मचारियों को बोनस वाला दिवाली गिफ्ट, जानिए कब आएंगे एकाउंट में रुपये
यूपी टाइम्स 18 : उत्तर प्रदेश सरकार के कर्मचारियों की दिवाली रोशन हो गई है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य कमर्चारियों को दीपावली का गिफ्ट दे दिया है. दीपावली पर योगी सरकार ने बोनस देने का ऐलान किया है. सीएम योगी की इस घोषणा से राज्य के करीब 8 लाख कर्मचारियों को बड़ी खुशी मिली है. इससे पहले सीएम योगी के निर्देश पर राज्य कमर्चारियों को दीपावली से पहले ही अक्टूबर का वेतन जारी करने के आदेश दिए थे. अब सरकार ने कमर्चारियों को बोनस का भी ऐलान कर दिया गया है. इसके बाद अब कर्मचारियों को वेतन और बोनस का इंतजार है. माना जा रहा है कि दिवाली से पहले ही कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा. इससे उनकी दिवाली खुशियों वाली होगी.
इन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस
राज्य कर्मचारियों को हर साल दिवाली के मौके पर बोनस दिया जाता है. पुरानी पेंशन पाने वालों के लिए बोनस का अलग प्रावधान है. वहीं, नई पेंशन पाने वालों के लिए यह व्यवस्था अलग है. नई पेंशन स्कीम वाले कर्मचारियों के अकाउंट में सीधे करीब 7000 रुपये आते हैं. पुरानी पेंशन स्कीम के तहत वाले कर्मचारियों के अकाउंट में 1800 रुपये आते हैं. बोनस का बचा हुआ 5100 रुपये उनके जीपीएफ अकाउंट में ट्रांसफर किया जाता है.
सीएमओ ने दी जानकारी
यूपी सरकार और सीएम योगी आदित्यनाथ के फैसले की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स एकाउंट से दी गई है. सीएमओ के एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया है कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के समस्त पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित अधिष्ठान के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2023-2024 के लिए बोनस देने का सहर्ष निर्णय लिया है.
राज्य सरकार ने दीपावली से पहले सैलरी देने का आदेश सोमवार की शाम जारी किया था. अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की ओर से यह आदेश जारी किया गया. इस आदेश में राज्य के सभी कर्मचारियों को 30 अक्टूबर तक वेतन देने की बात कही गई. इससे 31 अक्टूबर को होने वाली दीपावली के दौरान कर्मचारी अपने परिवार के साथ उल्लासपूर्ण माहौल में पर्व मना सकेंगे. अब बोनस का भी ऐलान कर दिया गया है.


















