बाल श्रम मुक्त चंदौली अभियान को मिला व्यापारियों का समर्थन, सकलडीहा में चला जागरूकता अभियान
चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार के वर्ष 2026 तक आकांक्षी जनपदों को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत जनपद चंदौली में “बाल श्रम मुक्त चंदौली अभियान” को गति दी जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत बुधवार को सकलडीहा कस्बे में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सकलडीहा व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्णा सेठ, श्रम विभाग चंदौली एवं Association for Voluntary Action (AVA) की संयुक्त टीम ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर किसी भी बाल श्रमिक को कार्य पर न रखने की अपील की गई।
अभियान के तहत बाजार क्षेत्र की विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर “बाल श्रम मुक्त प्रतिष्ठान” संबंधी जागरूकता स्टिकर भी लगाए गए। टीम ने व्यापारियों को बाल श्रम निषेध कानून, बाल संरक्षण एवं बच्चों के शिक्षा के अधिकार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कहीं कोई बाल श्रमिक, संकटग्रस्त या असहाय बच्चा दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, पुलिस विभाग, श्रम विभाग अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई को दी जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित व्यापारियों ने बाल श्रम मुक्त चंदौली के संकल्प का समर्थन करते हुए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त कर बच्चों के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।


















