चंदौली की बेटी बनी वाणिज्यिक कर अधिकारी, गांव में जश्न का माहौल

1402

चंदौली की बेटी बनी वाणिज्यिक कर अधिकारी, गांव में जश्न का माहौल

चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत महदेवा-अमिलाई गांव की बेटी आकांक्षा सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) परीक्षा में 84वीं रैंक हासिल कर पूरे गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से जहां परिवार में खुशी की लहर है, वहीं गांव में भी जश्न का माहौल देखने को मिला।

आकांक्षा सिंह के वाणिज्यिक कर अधिकारी (Commercial Tax Officer) पद पर चयन होने की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में उत्साह छा गया। गांव में मिठाइयां बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया गया और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

बताया जाता है कि आकांक्षा के पिता कमलेश सिंह गाजीपुर में आरपीएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी माता इंद्रावती देवी कम्पोजिट विद्यालय अमिलाई में प्रधानाध्यापिका हैं। शिक्षा और अनुशासन से भरे पारिवारिक माहौल का ही परिणाम है कि आकांक्षा ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

आकांक्षा सिंह की शैक्षिक यात्रा भी बेहद शानदार रही है। उन्होंने हाईस्कूल तक की पढ़ाई श्रीकृष्ण पब्लिक स्कूल, परुशरामपुर से की, इसके बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा सनबीम स्कूल, वाराणसी से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) से स्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से एमएससी की डिग्री हासिल की।

परिवार में शिक्षा का माहौल लगातार प्रेरणा देता रहा। उनके बड़े भाई अनुराग सिंह बीटीसी की तैयारी कर रहे हैं, जबकि छोटे भाई अभिनव सिंह दरोगा भर्ती की तैयारी में जुटे हैं। आकांक्षा ने भी लगातार मेहनत और समर्पण के साथ पीसीएस परीक्षा की तैयारी की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

आकांक्षा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। वहीं, आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है।