‘स्कूल चलो अभियान’ के साथ सेवानिवृत्त शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह, 97 गुरुओं को मिला सम्मान

994

‘स्कूल चलो अभियान’ के साथ सेवानिवृत्त शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह, 97 गुरुओं को मिला सम्मान

चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत मथेला स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में सोमवार को स्कूल चलो अभियान एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ वर्षों तक सेवा देने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने का भाव साफ झलकता रहा। कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मथेला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

मां सरस्वती पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सकलडीहा विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी सूर्यमुनी तिवारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और उत्साह से भर उठा।

आयोजक अजय सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान

आयोजक अजय सिंह द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद समारोह का मुख्य आकर्षण रहा 97 सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं 2 शिक्षामित्रों का सम्मान। सभी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर उनके दीर्घकालिक शैक्षिक योगदान को सराहा गया। इस सम्मान से शिक्षकों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दी।

विधायक सुशील सिंह का बड़ा बयान : टीईटी शिक्षकों को मिलेगी राहत

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने शिक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद शिक्षा क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। विद्यालयों के सुंदरीकरण के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। उन्होंने टीईटी (TET) से जुड़े मुद्दे पर गंभीरता जताते हुए कहा कि वे जल्द ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर टीईटी से प्रभावित शिक्षकों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री स्तर पर भी समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

प्रमुख रूप से ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी एस.पी. सहाय, राष्ट्रीय शैक्षिक संघ जिलाध्यक्ष अजय सिंह, आदित्य रघुवंशी, आशीष सिंह रघुवंशी, अमरनाथ दुबे, सतेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, ओमप्रकाश पाण्डेय, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, फैयाज अहमद, इम्तियाज खान, सुनीता तिवारी, सतेंद्र बहादुर सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, सुजीत सिंह, घनश्याम सिंह, संतोष सिंह, राकेश जायसवाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

DIET प्राचार्य विकायल भारती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के प्राचार्य विकायल भारती ने की, जबकि संचालन ईश्वर चंद्र त्रिपाठी एवं मीनाक्षी दीक्षित ने संयुक्त रूप से किया।

‘स्कूल चलो अभियान’ के जरिए शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश

यह आयोजन न केवल शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि स्कूल चलो अभियान के माध्यम से शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।