चंदौली पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, कब्जे से 210 किलो० अवैध गांजा बरामद

171

चंदौली पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, कब्जे से 210 किलो० अवैध गांजा बरामद, डम्पर ट्रक से कर रहे थे तस्करी

चंदौली : स्वाट सर्विलांस व चंदौली कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. चेकिंग के दौरान पुलिस ने 210 किलोग्राम गांजा के साथ दो शातिर गांजा तस्कर को दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्त उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी जा रहे थे. बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 53 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान तस्करों को वाजिदपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है. उक्त मामले का खुलासा एसपी आदित्य लांग्हे ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में किया.

दरअसल सदर कोतवाली अंतर्गत वाजिदपुर मोड़ के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान एक डम्पर ट्रक जिसका टायर फटा हुआ था. जो तेजी से हाइवे पर जा रहा था. पुलिस टीम ने जब संदिग्ध वाहन को देखा तो उसे रोकने का प्रयास किया. वही पुलिस द्वारा रोके जाने पर ट्रक चालक स्पीड बढ़कर भगाने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम द्वारा पीछा करके डंपर ट्रक को रोक लिया गया. वही संदिग्ध डंपर ट्रक के ढाले को प्रेशर से उठाने पर देखा गया कि ढाले के नीचे एक गोपनीय बॉक्स बना हुआ था. जिसके अंदर सात हरे रंग के प्लास्टिक का बोरा बरामद किया गया. वाहन चालक व परिचालक से पूछताछ में उनकी पहचान कृष्णा महतो (उम्र 49 वर्ष) पुत्र अरुण कुमार महतो निवासी बाँधडीह थाना जरडीह जनपद बोकारो झारखंड वही परिचालक अमित कुमार तिवारी (29 वर्ष) पुत्र त्रिभुवन तिवारी निवासी धमौर थाना शाहपुर जनपद आरा बिहार के रूप में हुई.

उड़ीसा से वाराणसी लेकर जा रहे थे अवैध गांजा की बड़ी खेप

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बरामद बोरे के बारे में बताया कि सभी बोरा में गांजे का पैकेट भरा हुआ है. जो हम लोग उड़ीसा से लाकर वाराणसी लेकर जा रहे थे, तथा उक्त वाहन बोकारो चांस में राजू मिस्त्री की दुकान के सामने खड़ी मिली थी. जहां से गाड़ी लेकर उड़ीसा बलांगी के एक होटल पर पहुंचे. जहां राजू सिंह से जानकारी मिलती रहती थी. वही गांजा खरीद कर हम लोगों को दिलाते हैं. होटल पर दो अज्ञात व्यक्ति आये वह गाड़ी लेकर चले गए. कुछ घंटे के बाद गाड़ी हम दोनों को मिली. हम लोग को गाड़ी लेकर वाराणसी जाने के लिए बताया गया. माल की डिलीवरी कहां करना है इस बात की जानकारी वाराणसी टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर डिस्ट्रीब्यूटर संजय सिंह से हमलोगों को मिलती. वही पुलिस ने गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.

गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना चंदौली गगन राज सिंह, रावेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, कांस्टेबल कुलदीप, कांस्टेबल नीलकमल यादव, कांस्टेबल गौरव शुक्ला, मुख्य आरक्षी स्वाट सर्विलांस विजेंद्र सिंह राजेश यादव, राणा सिंह व अजीत सिंह शामिल रहे.