यूपी उपचुनाव को लेकर BJP की दिल्ली में बैठक! उम्मीदवारों के नाम पर हो सकती है चर्चा
यूपी टाइम्स 18 : उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव की तारीखें अभी भले ही घोषित नहीं हुई हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. सत्ताधारी दल बीजेपी और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के बीच एक बार फिर महामुकाबला देखने को मिल सकता है. दोनों दलों के बीच करो या मरो जैसे हालात पैदा हो गए हैं. इसी बीच रविवार को दिल्ली में यूपी उपचुनाव को लेकर बीजेपी की हाई लेवल मीटिंग हो सकती है. इस बैठक में उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों पर चर्चा हो सकती है.
दरअसल, बीते लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है. बीजेपी उस सदमे से उबरने के लिए उपचुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ करना चाहती है. इसको लेकर बीजेपी की दिल्ली में बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रह सकते हैं. बैठक में शामिल होने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को भी बुलाया गया है. इस बैठक में उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम मुहर लग सकती है. साथ ही उपचुनाव में विपक्षी दलों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है.
यूपी में करहल, मिल्कीपुर, सीसामऊ, कुंदरकी, गाजियाबाद, फूलपुर, मझवां, कटेहरी, खैर और मीरापुर सीट पर उपचुनाव होना है. इसको लेकर बीते दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार और पार्टी की बैठक हुई थी. बताया जा रहा है कि उस बैठक में जिला स्तर से आए उम्मीदवारों के नामों में से हर सीट के लिए तीन-तीन नामों की छटनी कर ली गई थी. उन नामों में से हर सीट के लिए किसी एक नाम पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है. रविवार को होने वाली बैठक में उन नामों पर चर्चा होने के साथ ही नाम फाइनल भी हो सकते हैं. सपा ने 6 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है.


















