त्योहारी सीजन में बड़ी कार्रवाई, मुगलसराय में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पकड़ा 5 कुंटल से अधिक नकली खोया, मचा हड़कंप
चंदौली : आगामी त्योहार के मद्देनज़र मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटी खोये के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मुगलसराय रोडवेज के पास छापेमारी कर करीब 5 कुंटल से अधिक नकली खोया बरामद किया। कार्रवाई के दौरान मौके से दो गाड़ियां जब्त की गईं जिनमें पाउडर से तैयार किया गया मिलावटी खोया लदा हुआ था। मौके पर कार्रवाई की भनक लगते ही आस-पास के कई व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जब्त किए गए मिलावटी खोये की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
नकली खोये की मिल रही थी शिकायत
खाद्य सुरक्षा विभाग को पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में नकली खोये की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर पीडीडीयू नगर में यह छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम ने जब्त किए गए खोये की मौके पर ही आयोडीन टिंचर से जांच और सैंपलिंग की। प्रारंभिक जांच में यह खोया पूरी तरह कृत्रिम पाउडर से निर्मित पाया गया, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
गौरतलब है कि मुगलसराय (अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर) को एशिया की सबसे बड़ी खोया मंडी के रूप में जाना जाता है। यहां से हर साल हजारों क्विंटल खोया बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भेजा जाता है। इस कारण यहां की खाद्य गतिविधियों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहती है।
त्योहारों के मौसम में जब मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है, तब मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और सस्ते दामों पर नकली खोया, मावा और दूध उत्पाद बेचने लगते हैं। ऐसे में विभाग की यह कार्रवाई न केवल एक बड़ी सफलता मानी जा रही है बल्कि अन्य मिलावटखोरों के लिए कड़ा संदेश भी साबित हुई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए खोये के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं, और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे त्योहारी मौसम में केवल प्रमाणित और भरोसेमंद दुकानों से ही मिठाइयां खरीदें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय या पुलिस को दें।


















