महिला सशक्तिकरण की ओर चन्दौली पुलिस का कदम, मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत हुआ व्यापक जागरूकता कार्यक्रम

58

महिला सशक्तिकरण की ओर चन्दौली पुलिस का कदम, मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत हुआ व्यापक जागरूकता कार्यक्रम

चन्दौली : उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सशक्त बनाने की दिशा में चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0)” के तहत जनपद चन्दौली में गुरुवार को व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर एक साथ यह अभियान संचालित किया गया, जिसमें स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, ग्रामीण इलाकों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला बीट पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सुरक्षा संबंधी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में उनके प्रति सुरक्षा का माहौल तैयार करना रहा।

महिला सशक्तिकरण की योजनाओं की दी गई जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन व सखी निवास योजना जैसी शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। पुलिस कर्मियों ने इन योजनाओं के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और जरूरतमंद महिलाओं तक इन्हें पहुंचाने के तरीकों की भी जानकारी साझा की।

महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की दी गई जानकारी

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए प्रमुख कानूनों – घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

मिशन शक्ति केंद्र बना सहारा का केन्द्र

इस अवसर पर थानों पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका, उद्देश्य और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को कानूनी सहायता, काउंसलिंग, सुरक्षा सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा रहा है।

महिलाओं से जुड़ने का प्रयास जारी

एसपी चन्दौली आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में पुलिस विभाग द्वारा लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि महिलाएं भयमुक्त वातावरण में जीवन यापन कर सकें। पुलिस द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें न केवल सुरक्षा का भरोसा दिया जा रहा है, बल्कि स्वावलम्बन की दिशा में भी प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सहयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में 112, 181 या महिला हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल सूचना दें।