सैदूपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट का प्रयास नाकाम, महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की बहादुरी से दो बदमाश गिरफ्तार

348

सैदूपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट का प्रयास नाकाम, महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की बहादुरी से दो बदमाश गिरफ्तार

चंदौली : जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सैदूपुर कस्बे में बुधवार की दोपहर एक ज्वेलरी दुकान पर लूट का सनसनीखेज प्रयास उस समय विफल हो गया, जब दुकान पर मौजूद महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनते ही स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों का पीछा किया और एक आरोपी को दबोच लिया। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर दूसरे बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार सैदूपुर कस्बा स्थित गोलू ज्वेलरी दुकान पर बुधवार दोपहर तीन युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उस समय दुकान संचालक गोलू सेठ किसी कार्य से बाहर गए हुए थे और दुकान पर उनकी पत्नी पूजा वर्मा मौजूद थीं। आरोप है कि बदमाशों ने मौका पाकर महिला को बंधक बनाने की कोशिश की और दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास शुरू कर दिया।

इसी दौरान पूजा वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।

अचानक भीड़ जुटती देख बदमाश घबरा गए और भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने सरैया गांव के पास पीछा कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि तीसरा आरोपी खेतों के रास्ते भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यादव और संदीप चौधरी निवासी अकोढ़ी थाना रामगढ़, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। मौके से घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या BR 45U 3038 भी बरामद कर ली गई है।

घटना के बाद सैदूपुर कस्बे में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने महिला की बहादुरी और ग्रामीणों की तत्परता की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते महिला शोर नहीं मचाती तो बड़ी वारदात हो सकती थी।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से दुकान की रेकी कर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।