बलुआ पुल से गंगा में कूदे युवक का शव तीसरे दिन मिला, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

368

बलुआ पुल से गंगा में कूदे युवक का शव तीसरे दिन मिला, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ पुल से शुक्रवार की रात गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव रविवार को महुअरकला गांव के समीप गंगा किनारे उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर, पुत्र जुलाब राजभर, निवासी उदयपुर (चोलापुर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। शिनाख्त परिजनों द्वारा की गई।

शुक्रवार रात पुल से लगाई थी गंगा में छलांग

बताया जा रहा है कि रामप्रसाद पेशे से ट्रक मैकेनिक था और शुक्रवार की रात घर से यह कहकर निकला था कि वह चिकन लेने जा रहा है। इसी दौरान वह बलुआ पुल पहुंचा और अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर जेब से पर्स निकालकर बाइक पर रख दिया, जिसके बाद उसने गंगा में छलांग लगा दी। पीछे से आ रहे कुछ लोगों ने यह दृश्य देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और निजी गोताखोरों की मदद से नाव के जरिए युवक की तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार खोजबीन के बाद रविवार को महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे उसका शव उतराया मिला।

प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका जता रही पुलिस

पुलिस को युवक की बाइक पर रखे पर्स से एक पत्र भी मिला है, जिसमें “पूजा” नाम का उल्लेख है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है और इसी वजह से आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि थाने पहुंचे परिजनों ने किसी भी प्रेम प्रसंग की जानकारी होने से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से खुद युवक की तलाश कर रहे थे और उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं थी।

पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।