मासूम की दरिंदगी भरी हत्या और हादसों से आक्रोशित कांग्रेस, अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में डीएम को सौंपा पत्रक, उठाई पाँच बड़ी माँगें!
चंदौली : जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, सड़क हादसों और प्रशासनिक लापरवाही से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी व शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसकी अगुवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनपद की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हाल ही में नियमताबाद निवासी छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी कर उसकी निर्मम हत्या ने पूरे जनपद को झकझोर दिया, लेकिन पुलिस अब तक अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन अपराधियों के प्रति नरम रवैया अपना रहा है।
वहीं, रेवसा गाँव निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में ट्रक से कुचलकर मौत और छठ पर्व के दौरान छह लोगों की डूबने से मौत जैसी घटनाओं ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी है। इन घटनाओं पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रशासन अगर पहले से एहतियाती कदम उठाता, तो इतनी दर्दनाक मौतें नहीं होतीं।
जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने ज्ञापन सौंपते हुए जिलाधिकारी से पाँच प्रमुख माँगें रखीं…
◆ नियमताबाद की मृतक बच्ची के दरिंदों को चिन्हित कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उन्हें फाँसी की सजा दी जाए।
◆ बच्ची के पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
◆ रेवसा गाँव में सड़क दुर्घटना में मारे गए तीनों मृतकों तथा छठ पर्व के दौरान डूबकर मरे छह लोगों (कुल नौ मृतक परिवारों) को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
◆ जनपद में ध्वस्त कानून व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुधारने के ठोस कदम उठाए जाएँ।
◆ रेवसा गाँव के पास एसआरवीएस स्कूल के सामने अधूरी सर्विस लेन, जहाँ आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, का निर्माण तत्काल पूरा किया जाए।

द्विवेदी ने कहा कि यदि प्रशासन ने इन माँगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनपद के हर नागरिक की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, दया राम पटेल, राजेंद्र गौतम, गुलाब राम, श्रीकांत पाठक, राकेश सिंह, राकेश पाठक, विजय गुप्ता, संजय जायसवाल, रमेश पांडेय, पवन पासवान, अमरदेव राम, शमशेर खा, देवेश कुमार, दुर्गा प्रसाद, पंकज तिवारी, संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी माँगों पर प्रशासन ने तत्परता नहीं दिखाई, तो आने वाले दिनों में जिला कांग्रेस जनांदोलन के लिए बाध्य होगी।


















