चन्दौली पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में बदमाश घायल

161

चन्दौली पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में बदमाश घायल

चन्दौली : जनपद के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्स पर लूट की कोशिश करने वाले शातिर बदमाशों के खिलाफ चन्दौली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार 27 मई 2026 की शाम गोलू ज्वेलर्स की संचालिका पूजा देवी पत्नी गोलू सोनी अपनी दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी देखने लगा और मोलभाव करने लगा, जबकि दूसरे युवक ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। मौका पाते ही आरोपियों ने दुकान का शटर गिरा दिया और लाकर की चाबी छीनने का प्रयास किया।

आरोपियों में से एक ने अवैध कट्टा दिखाकर महिला को डराया और कैश बॉक्स से लगभग पांच हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई। इसी बीच पूजा देवी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग और बगल के बैंक में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चांदी की सिकड़ी, बिक्री के 1600 रुपये, एक अवैध असलहा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। मामले में थाना चकिया पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ पहले से ज्वेलरी दुकानों की रेकी कर रहा था। घटना को अंजाम देने के लिए उसने खुद को व्यापारी के रूप में प्रस्तुत करने की योजना बनाई थी। इसी वजह से उसने अपना अवैध असलहा और कारतूस पहले ही अलग स्थान पर छिपा दिया था, जबकि उसके साथी हथियार लेकर दुकान में पहुंचे थे।

अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे छिपाए गए असलहे की बरामदगी के लिए लेकर पहुंची। इसी दौरान अभियुक्त ने पहले से भरे हुए तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा करते हुए फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त मनीष कुमार यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर असलहा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

बिहार भागने की थी तैयारी

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वे नकदी और आभूषण लेकर बिहार भागने की तैयारी में थे। हालांकि महिला द्वारा शोर मचाने और पुलिस की तत्परता से उनकी पूरी योजना विफल हो गई।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीष कुमार यादव पुत्र संतोष कुमार यादव निवासी ग्राम गोडसर थाना रामगढ़ जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में की है। वहीं एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

पूरे अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने अपनी टीम के साथ किया। चन्दौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी लूट की वारदात का खुलासा होने के साथ ही अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता और साहस की सराहना की है।