नहर पक्कीकरण में घोटाले का आरोप, सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने खराब ईंटें दिखाकर खोली पोल
चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने एक बार फिर किसानों के हक में दमदार आवाज बुलंद की है। गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने चिरईगांव पम्प कैनाल से निकली नहर के पक्कीकरण कार्य की जांच की, जहां उन्होंने घटिया निर्माण सामग्री का खुलासा करते हुए विभागीय लापरवाही पर कड़ा सवाल उठाया।
मनोज सिंह डब्लू ने मौके पर निर्माणाधीन कार्य को रुकवाया और सड़क किनारे रखी गई ईंटों की गुणवत्ता परखने के लिए खुद ईंट को जमीन पर गिराकर जांच की। ईंट के चूर-चूर होते ही उन्होंने कहा, “यह नहर पक्कीकरण कार्य एक साल भी नहीं टिक पाएगा। 38 करोड़ की लागत से चल रही यह परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है।”
सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा, “ठेकेदारों को भारी कमीशन देकर काम सौंपा जा रहा है। इस खेल में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बराबर की हिस्सेदारी है। इसके कारण मानकों को ताक पर रखकर दोयम दर्जे का कार्य कराया जा रहा है।”
उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि “अब वक्त आ गया है कि किसान खुद आगे आएं और अपने क्षेत्र में हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करें। यदि समय रहते इस कार्य को नहीं सुधारा गया तो एक साल बाद किसानों को फिर से परेशानी झेलनी पड़ेगी।”
सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी और कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि नहर के पक्कीकरण कार्य की निगरानी खुद करें और आवश्यक दबाव बनाएं ताकि आने वाले समय में जल संकट या खेतों की सिंचाई में दिक्कत ना हो।
इस दौरान स्थानीय किसानों की भीड़ जुटी और उन्होंने नेता के रुख की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि सपा उनके हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी रहेगी।


















