चंदौली में सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, मकान के उड़ गए परखच्चे, महिला समेत 5 घायल

192

चंदौली में सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, मकान के उड़ गए परखच्चे, महिला समेत 5 घायल

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चकनौदर गांव में मंगलवार की देर रात घरेलू गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि करीब तीन किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट में करकट से बना मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। आसपास बंधे पशुओं को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी भरत यादव और लालव्रत यादव पुत्र अदालत यादव के मकान आपस में सटे हुए हैं। भरत यादव के करकट के मकान में रखा घरेलू गैस सिलेंडर अचानक देर रात विस्फोट कर गया। धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना के समय भरत यादव और उनकी पत्नी मकान के पीछे सो रहे थे, जबकि लालव्रत यादव कुछ दूरी पर नया मकान बनवा रहे थे। विस्फोट की चपेट में आकर लालव्रत यादव की पत्नी 40 वर्षीय शकुंतला देवी, पुत्र शुभम यादव (18), शिवम यादव (15) तथा भरत यादव के पुत्र राहुल यादव (18) और जोगिंदर यादव (19) घायल हो गए। सभी लोग मकान के पास बाहर सोए हुए थे।

घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

सिलेंडर ब्लास्ट से करकट का मकान पूरी तरह तबाह हो गया। घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया, जिससे परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार अब बेघर हो गया है और उनके सामने रहने की भी समस्या उत्पन्न हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।