खेत में धान की रोपाई कर रहीं महिला की आकाशीय बिजली से दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम
चंदौली : जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान तारा देवी पत्नी स्व. रामनाथ के रूप में हुई है।
रोपाई के बीच आकाशीय बिजली ने ली महिला की जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारा देवी खेत में अन्य महिलाओं के साथ धान की रोपाई कर रही थीं। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जो सीधे तारा देवी पर आ गिरी। बिजली की जबरदस्त चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गईं और अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में शहाबगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग
सूचना मिलने पर शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववासियों ने शासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन भी घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया में जुट गया है।


















