लेखन एवं शैक्षिक नवाचार के लिए लखनऊ में सम्मानित हुईं चंदौली की रीता पाण्डेय व पूनम कुमारी
चंदौली : जनपद की दो शिक्षिकाओं ने लेखन और शैक्षिक नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। चकिया क्षेत्र की शिक्षिका रीता पाण्डेय और पूनम कुमारी को लखनऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक समागम में सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को सृजन, अंतर्राष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति द्वारा लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “हिन्दी हमारी पहचान एवं AI तकनीक का प्रयोग/महत्व” विषय पर शैक्षिक संगोष्ठी आयोजित हुई। साथ ही हिन्दी हमारी पहचान (काव्य एवं आलेख), स्वावलंबन, सतत् संरक्षण, हमारा प्रयास एवं काव्य किरण सहित पांच पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
इस दौरान कंपोजिट विद्यालय बियासड़ की सहायक अध्यापिका रीता पाण्डेय एवं प्राथमिक विद्यालय तिलौरी की इंचार्ज प्रधानाध्यापक पूनम कुमारी को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक नवाचारों और हिन्दी काव्य लेखन के लिए शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्र प्रकाश गुप्त, दिनेश कुमार सिंह, रविशंकर, डॉ कृष्ण चंद्र शर्मा एवं डॉ खुशबू वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आयोजक मनीष देव गुप्ता द्वारा किया गया। जिले के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने दोनों शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















