शिक्षक समस्याओं को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन, समायोजन प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग

282

शिक्षक समस्याओं को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन, समायोजन प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग

चंदौली : उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, चंदौली के पदाधिकारियों ने सोमवार को जनपद की विभिन्न शिक्षक समस्याओं एवं प्रस्तावित शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

आरटीई के अनुरूप शिक्षक समायोजन की मांग

जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को दिए ज्ञापन में कहा कि आरटीई एक्ट के मानकों के अनुरूप शिक्षक समायोजन किया जाए, ताकि छात्र-शिक्षक अनुपात संतुलित बना रहे और विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो। संगठन ने जोर देकर कहा कि समायोजन प्रक्रिया में शिक्षकों के हितों की रक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

शिक्षक संकुल चयन पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग

ज्ञापन में शिक्षक संकुल चयन प्रक्रिया में समानता और पारदर्शिता की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। संगठन ने विशेष रूप से विकासखंड चकिया में चल रही शिक्षक संकुल चयन प्रक्रिया पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जिले के अन्य विकासखंडों की भांति यहां भी पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से चयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिक्षकों में किसी प्रकार की असंतोष की भावना न उत्पन्न हो।

समाधान से शिक्षकों का बढ़ेगा मनोबल

इसके अलावा शिक्षकों ने जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश दिए जाने, दूरस्थ ड्यूटी में संशोधन तथा समय से वेतन भुगतान जैसी समस्याओं को भी गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर ढंग से अपनी शैक्षिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है और भविष्य में भी शिक्षकों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

ये रहे मौजूद

इस दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अजय सिंह, महिला जिलाध्यक्ष सुनीता तिवारी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, महामंत्री इम्तियाज खान, ब्लॉक अध्यक्ष चकिया सदानंद दुबे, नौगढ़ अध्यक्ष रणविजय सिंह, महेंद्र मौर्य, दिवाकर यादव, जितेंद्र तिवारी, दिनेश मौर्य, विजय विश्वकर्मा, इमरान अली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।