वन भूमि पर अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, पक्का मकान ध्वस्त
चंदौली : चकिया रेंज के अंतर्गत मुजफ्फरपुर बीट स्थित हथिनी वन ब्लॉक (कंपार्टमेंट नंबर 2A) में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अतिक्रमणकारियों में खलबली देखी गई।
वन विभाग की संयुक्त टीम ने चकिया रेंजर अश्विनी चौबे के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। टीम ने बुलडोजर की सहायता से मकान को गिरा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र पूर्णतः वन विभाग के अधीन है, जहां किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित है।
बताया गया कि संबंधित भूमि पर बिना किसी अनुमति के पक्का मकान बना लिया गया था। विभाग को इसकी जानकारी मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटाया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, यदि वह नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अब वन माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।


















