अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका चंदौली, रीता पाण्डेय को मिला ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड

67

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका चंदौली, रीता पाण्डेय को मिला ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड

चंदौली : राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड-2026 में चंदौली की शिक्षिका एवं समाजसेविका रीता पाण्डेय को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से जनपद का नाम राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित हुआ है।

सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय (Suresh Gyan Vihar University) के कालिंदी ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में 15 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में देश-विदेश की करीब 200 प्रतिभाओं को शिक्षा, समाजसेवा, कला, संगीत, लेखन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह का आयोजन भव्या फाउंडेशन के तत्वावधान में हुआ, जहां दिव्यांगजन, कैंसर पीड़ितों, ऑटिज्म वॉरियर्स और बाल बसेरा गृह के प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया और अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक शैलेन्द्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में अशोक माहेश्वरी और राजीव कुमार रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कुसुम यादव समेत कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। वहीं डॉ. नीता शर्मा और परमिला बेदी जैसी हस्तियों ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई।

इन्हीं विशिष्ट हस्तियों के बीच रीता पाण्डेय को समाज सेवा, शिक्षा एवं हिंदी-अंग्रेजी लेखन में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजस्थानी पगड़ी, मेडल, प्रमाणपत्र और क्रिस्टल ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

बता दें कि रीता पाण्डेय चकिया, चंदौली स्थित कंपोजिट विद्यालय बियासड़ में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। वह पूर्व में भी कई राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं और विभिन्न प्रशासनिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुकी हैं।

सम्मान प्राप्ति पर उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के लिए उपयोगी और सार्थक जीवन जीना है। उन्होंने समाज सेवा एवं सामाजिक सुधार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।