सड़क पर अतिक्रमण पर सख्ती, मुगलसराय में एसपी का पैदल मार्च, दुकानदारों को चेतावनी
चन्दौली : जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया और सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने वालों को कड़े निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने मुख्य मार्गों का निरीक्षण करते हुए पाया कि कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाई जा रही हैं, जिससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर उन्होंने मौके पर ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा (सड़क किनारे बनी लाइन) के पीछे ही व्यवस्थित रूप से लगाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सड़क को अवरोध मुक्त कराया जाए, ताकि आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
एसपी ने आम नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुगलसराय सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा और कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें पीछे हटानी शुरू कर दीं।
प्रशासन की इस सख्ती से उम्मीद जताई जा रही है कि मुगलसराय कस्बे में जल्द ही जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।


















