निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त मामला, जांच के आदेश, जेई निलंबित, कार्यदायी संस्था पर एफआईआर

194

निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त मामला, जांच के आदेश, जेई निलंबित, कार्यदायी संस्था पर एफआईआर

चंदौली : सदर तहसील क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य के दौरान हुए इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा की। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, मौके पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) गौतम कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा सहायक अभियंता (एई) अविनाश कुमार आर्या और प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के चीफ इंजीनियर को पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगाए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के बाद निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।