चंदौली में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का किया सम्मान
चंदौली : जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर, पुलिस लाइन, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, विभिन्न विद्यालयों एवं सरकारी कार्यालयों में सुबह ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। राष्ट्रगान की गूंज के बीच पूरे जनपद में देशभक्ति का भाव दिखाई दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान किया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलाई। कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनका कुशलक्षेम जाना और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक सम्मान और गर्व के साथ पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि 26 जनवरी भारत के इतिहास का एक गौरवशाली और प्रेरणादायक दिन है। इसी दिन भारत ने अपना संविधान अंगीकार कर स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है तथा प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संकल्प लेने का दिन है। हम सभी का दायित्व है कि संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करें।
कार्यक्रम के दौरान महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित परेड को भी जिलाधिकारी ने सलामी दी। परेड के माध्यम से अनुशासन, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट एवं अन्य विभागों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण करना प्रशासन का परम दायित्व है। आम जनता की सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर पवन यादव, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे जनपद में गणतंत्र दिवस को लेकर उत्सव का माहौल रहा और देशभक्ति गीतों, कार्यक्रमों एवं आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना प्रकट की गई।


















