77वें गणतंत्र दिवस पर चंदौली में भव्य परेड, राष्ट्रभक्ति से गूंजा महेन्द्र टेक्निकल कॉलेज मैदान, मंत्री अनिल राजभर ने फहराया तिरंगा

54

77वें गणतंत्र दिवस पर चंदौली में भव्य परेड, राष्ट्रभक्ति से गूंजा महेन्द्र टेक्निकल कॉलेज मैदान, मंत्री अनिल राजभर ने फहराया तिरंगा

चंदौली : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के मैदान में जनपदीय पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके पश्चात शांति व सद्भाव का संदेश देते हुए गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा मंच से गुजर रही परेड की सलामी ली गई। अनुशासित कदमताल, सधे हुए मार्च और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण ने उपस्थित जनसमूह को गौरवान्वित कर दिया। पुलिस कर्मियों के विभिन्न दलों ने अपने शौर्य, अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया।

17 टोलियों ने संभाली परेड की कमान

गणतंत्र दिवस परेड में कुल 17 टोलियों ने भाग लिया। परेड कमांडरों के रूप में क्षेत्राधिकारी नौगढ़ नामेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय तथा उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह ने नेतृत्व किया। विभिन्न टोलियों में पैंथर दस्ता, स्वान दल, कमांडो दल (क्राइम ब्रांच), रेडियो शाखा, यूपी-112, एंटी रोमियो, महिला सशक्तिकरण, एएचटीयू, फील्ड यूनिट, अग्निशमन सेवा तथा पुलिस बैंड शामिल रहे। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों पर जवानों का कदमताल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

विभागीय झांकियों ने बढ़ाई शोभा

परेड के साथ-साथ विभिन्न विभागों की भव्य झांकियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास परियोजना, महिला कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, जल विभाग, ग्राम विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग की झांकियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, जिला जज दिवाकर चतुर्वेदी, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस), क्षेत्राधिकारीगण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विशिष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनपद चंदौली के पुलिस बल के अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक 2026 तथा उत्कृष्ट सेवा पदक 2026 से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए।

प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा 37 पुलिसकर्मियों, 19 चौकीदारों, सराहनीय कार्य करने वाले 11 गोताखोरों तथा पुलिस को सहयोग प्रदान करने वाले एक सम्मानित नागरिक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिसने गणतंत्र दिवस समारोह को ऐतिहासिक और स्मरणीय बना दिया।