बम धमाके से दहला चंदौली, खुश्बू किन्नर के घर पर हमला, सो रहे किन्नरों में मची अफरा-तफरी

671

बम धमाके से दहला चंदौली, खुश्बू किन्नर के घर पर हमला, सो रहे किन्नरों में मची अफरा-तफरी

चंदौली : जिले में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज पुलिस चौकी के समीप अज्ञात बदमाशों ने किन्नर समाज की खुश्बू किन्नर के घर को बम से उड़ाने की कोशिश की। यह वारदात उस समय हुई, जब घर के अंदर लगभग दो दर्जन से अधिक किन्नर सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, धमाका घर के पिछले हिस्से में किया गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इलेक्ट्रिक वायर के माध्यम से विस्फोटक लगाकर बम ब्लास्ट किया। धमाके की चपेट में आकर घर में सो रही तीन किन्नर घायल हो गईं, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी को केवल हल्की चोटें आईं। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री और इलेक्ट्रिक वायर कनेक्शन की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। वहीं, किन्नर समाज में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।