महुअरिया में दुस्साहसिक चोरी, लाखों के गहने व नकदी उड़ाई, भागते समय चोरों ने की फायरिंग

331

महुअरिया में दुस्साहसिक चोरी, लाखों के गहने व नकदी उड़ाई, भागते समय चोरों ने की फायरिंग

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के महुअरिया गांव में रविवार की रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। चोरों ने अरुण यादव के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और करीब पौने तीन लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद भागते समय चोरों द्वारा की गई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महुअरिया गांव निवासी अरुण यादव उर्फ मंटू रविवार की रात अपने परिजनों के साथ छत पर सो रहे थे। उसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे और नीचे कमरे में रखी अलमारी को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी से तीन सोने की सिकड़ी, दो जोड़ी सोने के झुमके, दो नथुनी, चार कंगन, पैजनी, दो नथिया, एक मांगटीका, छह चांदी की लरी, दो जोड़ी सोने की बाली, दस मीना, एक सोने का मंगलसूत्र सहित करीब पौने तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।

बताया जा रहा है कि चोरी को अंजाम देने के बाद चोर पास ही स्थित संजय यादव के मकान में भी घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान करीब तड़के चार बजे घर के परिजनों की नींद खुल गई और शोर मचाया गया। शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चोरों को दौड़ाने लगे। खुद को घिरता देख चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इसी बीच दो राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली किसने चलाई।

गोली की आवाज सुनकर अरुण यादव और उनके परिजन भी जाग गए। जब वे नीचे कमरे में पहुंचे तो सारा सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। गांव में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वही घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। टीमों ने घर और आसपास के इलाके की गहन जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड ने चोरों के भागने के रास्तों की जांच की।

पीड़ित अरुण यादव ने बलुआ थाने में तहरीर देते हुए बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर वह घबराकर उठा और नीचे कमरे में जाने पर देखा कि अलमारी से सारे गहने और नकदी गायब हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना के बाद से महुअरिया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।