मां खण्डवारी पीजी कॉलेज में लगा नेत्र शिविर, जरूरतमंदों को मिली रोशनी की नई उम्मीद

12

मां खण्डवारी पीजी कॉलेज में लगा नेत्र शिविर, जरूरतमंदों को मिली रोशनी की नई उम्मीद

चंदौली : मां खण्डवारी पी.जी. कॉलेज, चहनियॉं में रविवार को मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, हरहुआ वाराणसी द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्रबंध निदेशक आशुतोष कुमार सिंह एवं डायरेक्टर अवनीश कुमार सिंह के निर्देशन में लगे इस शिविर में 56 जरूरतमंद लोगों ने नेत्र जांच कराई।

मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की आंखों की जांच नेत्र विशेषज्ञ डॉ. रंजीत, विजन टेस्टिंग विशेषज्ञ कोमल, लैब तकनीशियन अखिलेश एवं कैम्प ऑर्गनाइजर गणेश सहित अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने की। जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें तत्काल चिकित्सालय भेजकर आगे की प्रक्रिया शुरू करा दी गई। अस्पताल प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि ऐसे सभी मरीजों का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा तथा उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।

गरीबों के लिए बड़ी राहत – चेयरमैन

कार्यक्रम में पहुंचे चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कॉलेज एवं अस्पताल द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत प्रशंसनीय है। “इस तरह की पहल से गरीब और वंचित तबके के लोग बिना आर्थिक बोझ के अपनी आंखों का समुचित उपचार करा पाते हैं। यह सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।”

चिकित्सकों एवं समाजसेवियों की रही सक्रिय भागीदारी

नेत्र परीक्षण शिविर को सफल बनाने में कई चिकित्सकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. लवली साह, डॉ. हेमन्त कुमार, डॉ. अश्विनी श्रीवास्तव, सच्चिदानंद सिंह, डॉ. नवनीत तिवारी, संतोष सिंह, विजय यादव, अजीत सिंह, अखिलदेव पांडेय, राघवेंद्र मिश्र, नीरज शुक्ला, सौरभ विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचती हैं, जो आर्थिक या अन्य कारणों से समय पर उपचार नहीं करा पाते।