सेंट जोसेफ विद्यालय में शिक्षकों को मिला विशेष प्रशिक्षण, बच्चों की शिक्षा एवं व्यवहार पर दिया गया ज़ोर

171

सेंट जोसेफ विद्यालय में शिक्षकों को मिला विशेष प्रशिक्षण, बच्चों की शिक्षा एवं व्यवहार पर दिया गया ज़ोर

चंदौली : चहनियां रानेपुर स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में रविवार को शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रिंसिपल अनिल जोसेफ के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में कानपुर से आए सीबीएसई प्रशिक्षक एस.एस. चंडोक ने शिक्षकों को शिक्षण पद्धति, बच्चों के व्यवहार, रहन-सहन और नियमित अध्ययन आदतों को सुधारने के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।

बच्चों की शिक्षा और संस्कार एक-दूसरे से जुड़े – एस.एस. चंडोक

प्रशिक्षक चंडोक ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए आवश्यक है कि शिक्षक न केवल उनकी पढ़ाई पर, बल्कि उनके व्यवहार और व्यक्तित्व निर्माण पर भी खास ध्यान दें। उन्होंने कहा कि छात्रों की कॉपी-किताबों की नियमित जांच, उनके व्यवहार पर नजर और कक्षा में सक्रिय सहभागिता से सीखने की प्रक्रिया और बेहतर होती है।

बच्चों की शैक्षणिक स्थिति पर खुलकर करें संवाद

उन्होंने गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक-छात्र का संबंध जितना मजबूत होगा, बच्चे उतनी सहजता से शिक्षा ग्रहण करेंगे। चंडोक ने शिक्षकों को यह भी सलाह दी कि अभिभावक शिक्षक बैठकें नियमित रूप से आयोजित करें और बच्चों की शैक्षणिक स्थिति पर खुलकर संवाद करें। कमजोर विद्यार्थियों के लिए यदि आवश्यक हो तो अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर उन्हें विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

शिक्षण की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार

प्रशिक्षण सत्र में शिक्षकों को विभिन्न शिक्षण तकनीकों, अनुशासन प्रबंधन और बच्चों की मनोवैज्ञानिक जरूरतों को समझने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से शिक्षण की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होता है और बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

विद्यालय में उत्साह, शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण पद्धति, कक्षाकक्ष प्रबंधन, विद्यार्थियों की मनोविज्ञान और आधुनिक शिक्षा के मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में योगिता सिंह, बिंदु, अनिल नेलसन, इंद्रेश, विश्वजीत, दीपक, आरती, सूरज, निखिल, कौशतुम्भ, अरविंद, प्रीतम, मंगेश, विवेक सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।