दवा व्यवसायी रोहिताश पाल उर्फ रोमी हत्याकांड मामला, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, बोले- “अपराधियों की सात पीढ़ियाँ भी अपराध का नाम लेने से डरेंगी”
चंदौली : दवा व्यवसाई रोहिताश पाल उर्फ रोमी की हत्या मामले ने पूरे जिले में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। पीड़ित परिवार की गुहार और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के रविनगर पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा “सरकार आपके साथ है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर ऐसी कार्रवाई होगी कि उनकी रूह कांप उठेगी। सात पीढ़ियाँ भी अपराध करने की कल्पना नहीं कर पाएंगी।” मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने के बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया है और दोषियों को बचने नहीं दिया जाएगा।
एसआईआर पर प्रतिपक्ष के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया
पत्रकारों द्वारा एसआईआर से जुड़े सवाल पर मंत्री अनिल राजभर ने प्रतिपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा “एसआईआर के नाम पर प्रतिपक्ष के पेट में दर्द क्यों हो रहा है? चुनाव आयोग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि मतदान वही करे जो भारतीय नागरिक है। इसमें किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए?” उन्होंने आगे कहा कि प्रतिपक्ष का व्यवहार “चोर की दाढ़ी में तिनका” जैसा है। अनिल राजभर ने दावा किया कि वह 24 दिन बिहार चुनाव में रहकर आए हैं, और पूरे चुनाव प्रक्रिया में एक भी मतदाता ऐसा सामने नहीं आया जिसने यह कहा हो कि उसका वोट कट गया। “जब कोई शिकायत नहीं आई, तो इसका मतलब है कि प्रक्रिया सही दिशा में बढ़ रही है।”
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के तंज का जवाब देते हुए अनिल राजभर ने कहा “अखिलेश जी और समाजवादी पार्टी सोशल मीडिया की राजनीति से बाहर निकलकर जमीन की सच्चाई देखें। केवल ट्वीट करके हकीकत नहीं पता चलती।” उन्होंने कहा कि भारत का चुनाव आयोग दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं में से एक है। पूरी दुनिया भारत की चुनाव प्रणाली का अध्ययन करती है, और ऐसे में लगातार चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करना प्रतिपक्ष की आदत बनती जा रही है। मंत्री ने नसीहत देते हुए कहा “अगर सच्चाई जाननी है तो जमीन पर उतरिए, जनता के बीच आइए तभी हकीकत पता चलेगी।”
न्याय की उम्मीद में पीड़ित परिवार, सख्त कार्रवाई के मूड में सरकार
रोहिताश पाल हत्याकांड में सरकार की सक्रियता के बाद पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। वहीं मंत्री के दौरे ने साफ संकेत दे दिया है कि प्रशासन को कड़े कदम उठाने के निर्देश मिल चुके हैं। यह मामला अब सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का बड़ा मुद्दा बन चुका है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, सांसद दर्शना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिला महामंत्री अखिल पोद्दार, राणा प्रताप सिंह, राहुल जायसवाल, किरन शर्मा, आशीष गुप्ता, विशाल तिवारी, कुंदन सिंह, राजीव गुप्ता, सौरभ जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















