सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
चंदौली : सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज और धमकी भरी पोस्ट करने के आरोप में कन्दवा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जनपद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर आपत्तिजनक एवं असामाजिक सामग्री प्रकाशित करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष कन्दवा विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम अरंगी निवासी नियाजुदीन (19 वर्ष) पुत्र जाकीर अली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा इंस्टाग्राम और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा बिहार सरकार एवं बिहार के मुख्यमंत्री के संबंध में कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां और धमकी भरी पोस्ट की गई थीं। मामले में थाना कन्दवा पर मु0अ0सं0 60/2026 एवं 61/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 66 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को दोपहर लगभग 12:25 बजे उसके घर से बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज दोनों मुकदमे इसी प्रकरण से संबंधित हैं। गिरफ्तारी के दौरान किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक साहब, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार तथा आरक्षी अभिषेक यादव शामिल रहे।


















