मार्कण्डेय महादेव जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, गंगा का पीपा पुल पूरी तरह शुरू

87

मार्कण्डेय महादेव जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, गंगा का पीपा पुल पूरी तरह शुरू

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के टांडाकला-कैथी के बीच गंगा नदी पर बने पीपा के प्लांटुन पुल पर शुक्रवार की शाम से चार पहिया वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दिया गया है। यह पुल बुधवार की शाम केवल पैदल और टू व्हीलर चालकों के लिए खोला गया था, जिसके बाद से स्थानीय लोग आवागमन शुरू कर चुके थे। लेकिन शुक्रवार शाम को चार पहिया वाहनों के लिए भी पुल खोल दिए जाने से क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला।

स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने जताई प्रसन्नता

शुक्रवार शाम पुल खुलने के बाद टांडाकला और आसपास के व्यापारियों ने राहत की सांस ली। यह मार्ग मार्कण्डेय महादेव के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुल बंद होने के दौरान भक्तों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब सीधा मार्ग सुगम होने से बड़ी सहूलियत मिली है।

फरवरी 2021 में हुआ था पुल का उद्घाटन

स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पर फरवरी 2021 में चंदौली के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने इस पीपा पुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा करवाया था। इसके बाद से चंदौली, गाज़ीपुर, जौनपुर, वाराणसी, आज़मगढ़ समेत कई जिलों के यात्रियों को कम दूरी में आवाजाही का फायदा मिलता रहा है।

बाढ़ के दौरान हर साल टूट जाता है पुल

गंगा नदी पर बना यह अस्थायी पीपा पुल हर वर्ष 15 जून से पहले बाढ़ की संभावना को देखते हुए हटाया जाता है, जिसके कारण बारिश के महीनों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुल बंद होने के दौरान क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को चहनियां से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों का नुकसान होता है।

स्थायी पुल की मांग तेज

हर वर्ष आने वाली इस समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने अब पीपा पुल की जगह स्थायी पुल निर्माण की मांग उठानी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि स्थायी पुल बनने से न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गंगा पार के गांवों की कनेक्टिविटी भी पूरे साल बनी रहेगी।

घाट दरोगा ने दी जानकारी

घाट दरोगा दीनानाथ सिंह ने बताया कि बुधवार को केवल पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए पुल को खोला गया था, लेकिन शुक्रवार की शाम से चार पहिया वाहनों के लिए भी इसे पूरी तरह खोल दिया गया है। अब सभी प्रकार के छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।