चंदौली में कांग्रेस की मासिक बैठक संपन्न, नोटबंदी के निर्णय को बताया देश के लिए ‘कलंक’
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक शनिवार को चंद्रा त्रिपाठी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के सह-प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया। बैठक में बीते माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मतदाता पुन: निरीक्षण (S.I.R.) तथा स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियों पर विशेष बल दिया गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय है, और कांग्रेस कार्यकर्ता मताधिकार जागरूकता के लिए क्षेत्र में संपर्क अभियान तेज करें।
नोटबंदी को लेकर कांग्रेस का विरोध, मृतकों को दी श्रद्धांजलि
इस दौरान 8 नवंबर 2016 को की गई नोटबंदी को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध दर्ज किया। जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि “नोटबंदी देश के आर्थिक ढांचे को चोट पहुंचाने वाला निर्णय था। इस फैसले ने हजारों परिवारों को संकट में डाल दिया। जिन लोगों की जीवन लीला इस निर्णय के कारण समाप्त हुई, कांग्रेस पार्टी उनकी स्मृति को नमन करती है।” इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल
द्विवेदी ने आरोप लगाया कि S.I.R. के नाम पर सरकार चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान जनता के जनादेश को प्रभावित करने की घटनाएँ सामने आईं। राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवाल पूरी तरह तथ्य आधारित हैं, जिससे सरकार की बेचैनी स्पष्ट दिखाई देती है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना की रक्षा के लिए संघर्षरत है।
स्नातक एमएलसी और पंचायत चुनाव में मजबूती से उतरेगी कांग्रेस
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को पार्टी चुनौती के रूप में ले रही है। उन्होंने कहा कि “यह चुनाव केवल चंदौली के लिए नहीं, पूरे प्रदेश के लिए संदेश देगा। कांग्रेस संगठित होकर मैदान में उतरेगी और जीत सुनिश्चित करेगी।” इसके साथ ही उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनावों से पूर्व “राजनीतिक सेमीफाइनल” करार दिया।
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में गंगाराम मदुरई, रजनीकांत पाण्डेय, सतीश बिंद, राममूरत गुप्ता, मुनीर खान, प्रताप कुमार पाण्डेय, नवीन पाण्डेय, दिनेश चंद्र, हमीर शाह, परमहंस सिंह राजपूत, श्रीकांत पाठक, प्रेमचंद गुप्ता, राकेश सिंह, जोगेंद्र सिंह, राकेश पाठक, कमलेश कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।


















