ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में दो बंजारों को पकड़ा, पुलिस ने भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया
चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी आश्रम में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो बंजारों को पकड़कर पिटाई कर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने साफ किया कि दोनों व्यक्तियों का बच्चा चोरी से कोई संबंध नहीं है। घटना के दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए दोनों व्यक्ति मूल रूप से हरदोई जिले के रहने वाले हैं और बंजारे समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उनके परिवार का डेरा गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर इलाके के पास है। ये लोग जीविका चलाने के लिए भीख मांगने के साथ-साथ बच्चों की झाड़-फूंक और टोटका करने का काम करते हैं। जीआरपी दिलदारनगर से भी उनकी पहचान और गतिविधियों की पुष्टि कराई गई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को ये दोनों व्यक्ति तुलसी आश्रम क्षेत्र में भीख मांगते हुए पप्पू यादव नामक व्यक्ति के घर पहुंचे। वहां परिवार की महिलाओं से उन्होंने बच्चों को झाड़-फूंक करने की बात कही। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने हंगामा करते हुए दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से दोनों को किसी तरह छुड़ाकर थाने ले आई। फिलहाल इस मामले में किसी भी ग्रामीण की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


















