सैदपुर गंगा पुल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन असलहा तस्कर गिरफ्तार, तमंचा, पिस्टल व कारतूस बरामद

454

सैदपुर गंगा पुल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन असलहा तस्कर गिरफ्तार, तमंचा, पिस्टल व कारतूस बरामद

चंदौली : जिले में अवैध असलहा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बलुआ पुलिस को बुधवार की दोपहर बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने सैदपुर गंगा पुल, ग्राम तिरगांवा के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को धर दबोचा। उनके कब्जे से दो तमंचा, एक देशी पिस्टल, जिंदा व ब्लैंक कारतूस तथा तीन एंड्रायड मोबाइल बरामद हुए। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस कप्तान के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में थाना बलुआ प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बुधवार को करीब 3:55 बजे सैदपुर गंगा पुल के समीप संदिग्धों की तलाशी के दौरान तीनों आरोपी दबोच लिए गए।

गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान दवे त्यागी (24 वर्ष) पुत्र रामनिवासी, निवासी बलुआ, अनुराग सिंह उर्फ पप्पु (22 वर्ष) पुत्र हनुमान सिंह, निवासी कैथी, सतीश उर्फ सोनू (21 वर्ष) पुत्र अरविंद यादव, निवासी भगवानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि ये तीनों लंबे समय से असलहा लेकर घूम रहे थे। इनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 247/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ये हथियार उन्हें भुरानी उर्फ दुर्गावती, निवासी कानपुर (वर्तमान निवासी बिहार) ने उपलब्ध कराए थे। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि उनका एक और साथी बबलू पुत्र मुन्‍ना निवासी कैथी के पास भी अवैध असलहा मौजूद है। तीनों युवकों ने कबूल किया कि वे ये हथियार अपराध के लिए नहीं बल्कि शौक व धाक जमाने के लिए रखते थे।

टीम को मिली सफलता

इस सफलता में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्र (चौकी प्रभारी मोहरगंज), उपनिरीक्षक अमित सिंह (चौकी प्रभारी मारूफपुर), उपनिरीक्षक जमीरुद्दीन खान समेत पुलिस बल के जवानों की अहम भूमिका रही।

अवैध असलहों पर पुलिस की सख्ती

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि जनपद में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। अवैध हथियार रखने या उनका कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है और आगे भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।