सनकी आशिक ने प्रेमिका को मारी गोली, खुद की भी जान ली, प्रेमिका गंभीर, प्रेमी की मौत
चंदौली : जिले में गुरुवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब शादी से इनकार करने पर एक सनकी आशिक ने अपनी प्रेमिका पर गोली दाग दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी। इस दिल दहला देने वाली घटना में प्रेमी की मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल की।
घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर नई बस्ती की है। यहां रहने वाली शादिया बानो उर्फ बबली (20 वर्ष) का मोहल्ले के ही संजय सोनकर से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संजय फायर ब्रिगेड ऑफिस के बाहर फल की दुकान लगाता था जबकि जरूरत पर सब्जी भी बेचकर घर का खर्च चलाता था।
इस बीच, परिजनों ने शादिया की शादी कुछ दिनों पहले अन्य जगह तय कर दी थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिससे युवती ने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी। युवती उसके फोन कॉल्स तक का जवाब नहीं देती थी। यह दूरी संजय को नागवार गुजरी और वह अक्सर उसे शादी के लिए दबाव बनाने लगा।
गुरुवार की शाम शादिया अपनी मां के साथ सब्जी लेकर घर लौट रही थी। जैसे ही वह घर के पास पहुंची, तभी संजय वहां पहुंच गया। उसने युवती से कहा “क्या तुम मुझसे शादी करोगी?”। युवती के सख्त लहजे में मना करते ही संजय बौखला गया और पिस्टल निकालकर सीधे उस पर गोली चला दी। गोली शादिया के पेट में जा लगी और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी।
घटना को देख आसपास के लोग चीख-पुकार मचाते हुए दौड़े लेकिन इससे पहले ही संजय वहां से भाग निकला। कुछ ही देर बाद वह रामनगर स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा और वहां खुद को भी गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इधर, गंभीर रूप से घायल युवती को परिजन और स्थानीय लोग तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव और इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


















