शिक्षक दिवस पर वन विभाग की अनोखी पहल, ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ के तहत किया बृक्षारोपण

50

शिक्षक दिवस पर वन विभाग की अनोखी पहल, ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ के तहत किया बृक्षारोपण

चंदौली : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए वन विभाग की ओर से एक अनोखी पहल की गई। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देश पर शुक्रवार को मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत बृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पर्यावरण संरक्षण और गुरु सम्मान का संगम

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था, बल्कि समाज में शिक्षकों के महत्व और उनके योगदान को सम्मानित करना भी था। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिनमें फलदार, छायादार और औषधीय वृक्ष शामिल थे।

संरक्षण का लिया संकल्प

बृक्षारोपण कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव, वन रक्षक अभिषेक, जितेन्द्र, शकील, मनोज, श्रीराम, कॉलेज के प्राचार्य आशुतोष सिंह, सुनील कुमार सिंह समेत कई शिक्षक, छात्र और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधों की रोपाई की और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

आने वाली पीढ़ियों के लिए हर व्यक्ति लगाए पौधा

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव ने कहा कि “गुरु हमारे जीवन को संवारते हैं, इसलिए इस विशेष दिन पर एक पेड़ गुरु के नाम लगाना प्रकृति और शिक्षा दोनों के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। आने वाली पीढ़ियों के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।”

धरती के अस्तित्व और जीवन की सांसों के लिए पेड़ अनमोल

कॉलेज के प्राचार्य आशुतोष सिंह ने भी वन विभाग की इस पहल की सराहना की और छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल हमारी सांसों के लिए ही नहीं, बल्कि धरती के अस्तित्व के लिए भी जरूरी हैं।

लगाए गए पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। वन विभाग ने घोषणा की कि आगे भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि जिले में हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग मिल सके।