नेशनल इंटर कॉलेज में वित्तीय अनियमितता का मामला, कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर वित्तीय गड़बड़ी का गंभीर आरोप

188

नेशनल इंटर कॉलेज में वित्तीय अनियमितता का मामला, कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर वित्तीय गड़बड़ी का गंभीर आरोप

चंदौली : नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा एक बार फिर विवादों के घेरे में है। कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे हैं। कॉलेज के कई शिक्षकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अनिल कुमार सिंह द्वारा की गई वित्तीय गड़बड़ियों की विस्तृत जांच कर रिकवरी की मांग की है।

शिक्षकों का आरोप

शिक्षकों का आरोप है कि पूर्व में भी प्रधानाचार्य द्वारा नियमों को ताक पर रखकर खर्च किए गए धन की शिकायत डीआईओएस से की गई थी, जिस पर जांच समिति गठित की गई। जांच में अनियमितता की पुष्टि के बावजूद सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। जब शिकायतकर्ता शिक्षकों ने दोबारा कार्रवाई की मांग की, तब एक और जांच समिति बनी और रिपोर्ट में पुनः अनियमितता पाई गई।

आदेशों की अवहेलना और शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप

हालांकि डीआईओएस के आदेश पर प्रधानाचार्य को निलंबित किया गया, लेकिन आरोप हैं कि कॉलेज प्रबंधक ने मात्र तीन दिनों में आदेश को स्थगित कर दिया। इसके बाद अनिल कुमार सिंह ने पुनः कार्यभार संभाल लिया और लगातार अपने पद पर बने हुए हैं। शिक्षकों का आरोप है कि वह न केवल आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं बल्कि शिकायतकर्ताओं का उत्पीड़न भी कर रहे हैं।

शिक्षकों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में भी पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ की शिकायत पर श्री सिंह को निलंबित किया गया था, फिर भी उन्होंने कार्यभार संभाले रखा।

प्रधानाचार्य के रहते शिक्षा व्यवस्था प्रभावित

कॉलेज के वरिष्ठतम शिक्षकों ने एक स्वर में आरोप लगाते हुए कहा है कि अनिल कुमार सिंह के रहते शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कॉलेज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। शिक्षकों ने छात्रहित और विद्यालय हित में अविलंब वित्तीय रिकवरी कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान उमेशचन्द्र तिवारी, अजय कुमार झा, अर्पण कुमार सिंह, आनन्द प्रकाश सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, रजनीकांत सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।