मुहर्रम पर्व को लेकर चंदौली प्रशासन अलर्ट, अलीनगर से मुगलसराय तक निकाला गया फ्लैग मार्च

135

मुहर्रम पर्व को लेकर चंदौली प्रशासन अलर्ट, अलीनगर से मुगलसराय तक निकाला गया फ्लैग मार्च

चंदौली : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से चंदौली जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में अलीनगर से मुगलसराय बाजार, पड़ाव क्षेत्र तक एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल शामिल रहे। फ्लैग मार्च अलीनगर से प्रारंभ होकर मुगलसराय के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और विभिन्न मोहल्लों से गुजरा। इस दौरान आमजन को शांति, भाईचारे और पारंपरिक तरीके से पर्व मनाने का संदेश दिया गया। लोगों से अपील की गई कि वे सदियों पुरानी परंपराओं को बनाए रखते हुए मिल-जुलकर पर्व को मनाएं।

फ्लैग मार्च से दिया गया भरोसे का संदेश

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि यह फ्लैग मार्च आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करने के लिए निकाला गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी वर्गों के लोग इस पर्व को शांति और सामंजस्य के साथ मनाएं।

अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नज़र

वहीं, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने सख्त लहजे में कहा कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुहर्रम को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी

उन्होंने यह भी बताया कि पूरे जिले में संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है, जहां दंडाधिकारियों की देखरेख में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने की कोशिश न कर सके।

फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, परंपरागत और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में ही मनाया जाए। असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला प्रशासन की इस सक्रियता और सजगता से आमजन में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण बना है, जिससे आगामी पर्व को लेकर लोगों में उत्साह और विश्वास देखा जा रहा है।