244 शिकायती प्रार्थना पत्रों में 17 का मौके पर निस्तारण, लापरवाह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

198

244 शिकायती प्रार्थना पत्रों में 17 का मौके पर निस्तारण, लापरवाह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

चंदौली : जन समस्याओं के त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सकलडीहा सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने मौके पर उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फरियादियों को तहसील के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि समाधान दिवस की हर शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अगली बार फरियादियों से सकारात्मक फीडबैक प्राप्त हो।

राजस्वकर्मियों पर सख्ती, कारण बताओ नोटिस जारी

कार्यक्रम के दौरान कई फरियादियों ने भूमि विवाद मामलों में राजस्वकर्मियों की लापरवाही की शिकायत की। विशेष रूप से कानूनगो महेश सोनकर (खंडवारी), ओमप्रकाश (सकलडीहा) और लेखपाल जितेन्द्र यादव (महाईच) पर अंश निर्धारण व निस्तारण में लापरवाही बरतने के आरोप लगे। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उप जिलाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने व तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

“लापरवाही क्षम्य नहीं” — जिलाधिकारी

जिलाधिकारी गर्ग ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गरीब और पीड़ितों को प्राथमिकता पर न्याय दिलाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा, “जन समस्याओं का समाधान शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” भूमि विवादों के मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।

244 शिकायतें, 17 का मौके पर निस्तारण

समाधान दिवस में कुल 244 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही हेतु सौंप दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।